परीक्षा को लेकर ICSI ने जरूरी दिशा-निर्देश, तकनीकी जरूरतें और कुछ सावधानियां भी जारी की हैं जिन्हें सभी छात्रों को ध्यानपूर्वक पढ़ना और पालन करना जरूरी है।
जरूरी निर्देश जो सभी उम्मीदवारों को मानने होंगे
उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड और एक वैध सरकारी पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या वोटर आईडी) परीक्षा के दौरान अपने पास रखना होगा।
परीक्षा के दौरान कोई भी अन्य डाक्यूमेंट्स, किताब, नोटबुक, पेन, पेंसिल आदि उपयोग में नहीं लाए जा सकते। परीक्षा के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की उपस्थिति बिल्कुल भी मान्य नहीं होगी। अगर स्क्रीन पर कोई और दिखता है तो परीक्षा रद्द की जा सकती है।
किसी भी प्रकार की नकल या स्क्रीन की तस्वीर लेना, सवालों को जोर से पढ़ना या कैमरे से नजरें हटाना भी वर्जित है।
तकनीकी जरूरतें जो परीक्षा से पहले पूरी करनी होंगी
उम्मीदवारों को अपने लैपटॉप या डेस्कटॉप में Safe Exam Browser Lite (SEBLite) डाउनलोड और इंस्टॉल करना होगा।
इंटरनेट कनेक्शन स्थिर और तेज होना चाहिए। मोबाइल हॉटस्पॉट या कमजोर नेटवर्क से कनेक्ट न करें। परीक्षा से पहले एक मॉक टेस्ट देना जरूरी है ताकि तकनीकी खामियों की पहचान हो सकें। डिवाइस का कैमरा और माइक्रोफोन सेटिंग्स ठीक से काम करनी चाहिए और चेहरा व कमर तक की बॉडी प्रॉक्टर को साफ दिखाई देनी चाहिए।
टाइमिंग और परीक्षा नियम
उम्मीदवारों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले पोर्टल में लॉगिन करना होगा। परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट बाद किसी को लॉगिन की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा के 90 मिनट पूरे होने से पहले उसे सबमिट नहीं किया जा सकता और बीच में कोई ब्रेक नहीं मिलेगा चाहे वह बायो-ब्रेक ही क्यों न हो।
परीक्षा में इन चीजों पर सख्त पाबंदी
मोबाइल फोन, टैबलेट, स्मार्टवॉच, हेल्थ बैंड, हेडफोन, ईयरफोन आदि। किताबें, नोट्स, पेन-पेपर, कैलकुलेटर, या कोई भी लिखने-पढ़ने का सामान। किसी भी प्रश्न या उत्तर का स्क्रीनशॉट लेना।
परीक्षा पास करने के लिए जरूरी अंक
हर पेपर (Paper 1, 2, 3, 4) में कम से कम 40% अंक जरूरी हैं। कुल मिलाकर 50% अंकों के साथ उम्मीदवार परीक्षा पास माने जाएंगे।
नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी यानी गलत उत्तर पर अंक नहीं काटे जाएंगे।
ICSI का सुझाव
ICSI ने सभी छात्रों से अनुरोध किया है कि वे परीक्षा से पहले गाइडलाइंस को ध्यान से पढ़ें, मॉक टेस्ट जरूर दें और परीक्षा के दिन समय से पहले तैयार रहें। किसी भी प्रकार की तकनीकी या व्यवहारिक गलती से आपका भविष्य प्रभावित हो सकता है।