CBSE Exam 2025: 42 लाख छात्रों ने दी परीक्षा
इस वर्ष सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं में करीब 42 लाख छात्रों ने भाग लिया है। इनमें से 10वीं कक्षा के लिए 24.12 लाख और 12वीं कक्षा के लिए 17.88 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। अभी तक बोर्ड की ओर से परिणाम घोषित करने की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन पिछले वर्षों के रुझान को देखते हुए, 10वीं और 12वीं का परिणाम मई माह में जारी होने की संभावना है। पिछले दो वर्षों में, सीबीएसई ने 10वीं और 12वीं का परिणाम मई के दूसरे सप्ताह में घोषित किया था।
CBSE Result 2025: क्या इस बार भी एक साथ आएगा रिजल्ट?
बीते पांच वर्षों से सीबीएसई बोर्ड 10वीं और 12वीं का परिणाम एक साथ जारी कर रहा है। 2024 में यह परिणाम 13 मई को घोषित हुआ था, जबकि 2023 में 12 मई को और 2022 में 22 जुलाई को नतीजे जारी किए गए थे। 2021 में 3 अगस्त और 2020 में 15 जुलाई को 10वीं और 12वीं का परिणाम घोषित किया गया था। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि इस वर्ष भी बोर्ड इसी परंपरा को जारी रखता है या नहीं।
CBSE: कहां देखें सीबीएसई बोर्ड रिजल्ट?
CBSE 10वीं और 12वीं का परिणाम घोषित होने के बाद, छात्र इसे आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर देख सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने क्रेडेंशियल्स का उपयोग करना होगा। इसके अलावा डिजीलॉकर और उमंग ऐप के माध्यम से भी छात्र अपना परिणाम देख सकते हैं। वहीं, ऑफलाइन माध्यम से भी रिजल्ट प्राप्त करने का विकल्प रहेगा, जिसमें एसएमएस के जरिए रिजल्ट हासिल किया जा सकता है।