सूरसागर क्षेत्र में राजकीय प्राथमिक विद्यालय वर्ष 2001 से नगर निगम के सामुदायिक भवन में संचालित हो रहा है। दो दशकों से अधिक बीत जाने के बावजूद इस स्कूल का अपना भवन नहीं बन पाया है। शुरुआत में यह स्कूल एक मंदिर परिसर में चलता था, लेकिन बाद में नगर निगम ने सामुदायिक भवन की दो कमरे की जगह पढ़ाई के लिए उपलब्ध करवाई। वर्तमान में एक ही कमरे में कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई होती है, जबकि दूसरे कमरे में शिक्षक का कार्य और मिड-डे मील (पोषाहार) का संचालन होता है। स्कूल में 50 से अधिक बच्चों का नामांकन है, लेकिन शिक्षकों की संख्या भी पूरी नहीं है। मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। न खेलकूद का स्थान, न ही पीने के पानी या साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था है। स्थानीय लोगों व शिक्षकों की ओर से कई बार भवन निर्माण की मांग उठाई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। यदि स्थायी भवन और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हों, तो यहां और अधिक बच्चों का नामांकन संभव है।